थल/पिथौरागढ़। सप्त ऋषि अखाड़ा के महा मंडलेश्वर गोविंददास महाराज उत्तराखंड में गौ माता के संरक्षण, जर्जर सड़कें, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, अस्पतालों की बदहाल स्थिति, बढ़ते अपराध, हत्या और दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाओं सहित विभिन्न जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर बुधवार से पांच दिवसीय जनजागरण एवं न्याय यात्रा पर निकल रहे हैं।

यात्रा से पूर्व उन्होंने थल तहसील के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शंकर राम, राजस्व निरीक्षक शंकर लाल वर्मा तथा रजिस्ट्रार कानूनगो सुरेश गिरी गोस्वामी के माध्यम से जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में प्रदेश की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।

महा मंडलेश्वर गोविंददास महाराज ने बताया कि वे गुरुवार सुबह रामगंगा नदी के त्रिवेणी संगम का जल लेकर बालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ अपनी यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा थल, पांखू, कांडा, बागेश्वर, ग्वालदम, श्रीनगर, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी।

देहरादून में मुख्यमंत्री के समक्ष उत्तराखंड के समग्र विकास और प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं को रखते हुए उनके समाधान की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि राज्य स्तर पर उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री के समक्ष भी "प्रधानमंत्री न्याय दो" अभियान के तहत अपनी मांगें प्रस्तुत करेंगे।

इस दौरान थल व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित सत्याल सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

— वाणी न्यूज़ ANIL KARKI :THAL