देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते अगले दो दिनों में मौसम का मिजाज और बिगड़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा होने की आशंका है।
9 अगस्त को मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य पर्वतीय जनपदों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। विभागों को आवश्यक संसाधन और उपकरण तैयार रखने तथा सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मौसम की इस अवधि में मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने तथा किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है। खासकर संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित मार्गों पर आवाजाही के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।


