पिथौरागढ़। एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान में पिथौरागढ़ जनपद ने निर्धारित 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल के दिशा-निर्देशन और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए गए अभियान के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित लक्ष्य पूरा किया।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, इम्युनाइजेशन टीम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य किया। स्वास्थ्य टीमों ने लाभार्थियों तक पहुंच बनाने, उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित करने और अभियान की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया।

अभियान के दौरान जिला स्तर से लेकर मैदानी स्तर तक लगातार समन्वय बनाए रखा गया। सभी ब्लॉकों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गति दी, जबकि एएनएम और इम्युनाइजेशन टीमों ने टीकाकरण प्रक्रिया को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य अभियान की सफलता केवल एक अधिकारी या टीम के प्रयास से संभव नहीं होती। इसमें मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी सामूहिक प्रयास और निरंतर मेहनत से जिले ने निर्धारित लक्ष्य हासिल किया।

एचपीवी टीकाकरण में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल ने जिले की पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, निरंतर मेहनत और आपसी सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने अभियान में जुटे सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, इम्युनाइजेशन टीम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह समन्वय और समर्पण के साथ कार्य जारी रखा जाए तो जिले में अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से सफल बनाया जा सकता है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने अभियान की सफलता का श्रेय जनपद की पूरी स्वास्थ्य टीम को दिया। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों के निरंतर सहयोग से अभियान को गति मिली।

उन्होंने अभियान से जुड़े सभी कार्मिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना पूरी टीम के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी इसी तरह टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य अभियानों को आगे बढ़ाने की बात कही । _ कपिल भट्ट