पिथौरागढ़। श्री गणेश महोत्सव सांस्कृतिक समिति की ओर से ऐंचोली में आयोजित गणपति महोत्सव के तहत कुमाऊंनी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जनपद के प्रतिष्ठित कवियों और कवयित्रियों ने अपनी सुमधुर कुमाऊंनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पंडाल तालियों और वाहवाही से गूंजता रहा।

कवि सम्मेलन का संचालन जनकवि एवं प्रसिद्ध रंगकर्मी जनार्दन उप्रेती ‘जन्नू दा’ ने किया, जबकि अध्यक्षता डाॅ. आनन्दी जोशी ने की। डाॅ. आनन्दी जोशी ने गणपति वंदना के साथ कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया।

सम्मेलन में चिंतामणि जोशी, दिनेश भट्ट, रोहित टम्टा, लक्ष्मी आर्या, जयमाला देवलाल, अनीता जोशी, डाॅ. नीरज चंद्र जोशी, उमा पाटनी ‘अवनि’ तथा जनकवि जनार्दन उप्रेती ‘जन्नू दा’ ने अपनी कुमाऊंनी कविताओं का पाठ किया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से कुमाऊंनी भाषा, संस्कृति, लोकजीवन और पहाड़ की संवेदनाओं को स्वर दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी कवियों और कवयित्रियों को शाॅल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर श्री 1008 महामंडलेश्वर हेमन्तानन्द पशुपति महाराज, ‘आदलि कुशलि’ कुमाऊंनी मासिक पत्रिका की संपादक डाॅ. सरस्वती कोहली, नानू बिष्ट, आचार्य अंकित पांडेय, लक्ष्मी वल्दिया, महेश उप्रेती, रोमी यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे ।

_ डा0 नीरज जोशी