थल (पिथौरागढ़)। डॉ. बीरेंद्र सिंह जंगपांगी मिनी स्टेडियम में व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित चैंपियन ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट के लीग चरण का पांचवां मुकाबला शनिवार को ओएफसी थल और बॉयज देवलथल के बीच खेला गया। एकतरफा रहे इस मुकाबले में ओएफसी थल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देवलथल बॉयज को 5-0 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

मुकाबले की शुरुआत से ही ओएफसी थल की टीम विपक्षी पर हावी रही। मध्यांतर तक टीम 3-0 की बढ़त बना चुकी थी। दूसरे हाफ में भी थल के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखते हुए दो और गोल दागे तथा देवलथल की रक्षा पंक्ति को लगातार दबाव में रखा।

ओएफसी थल की ओर से सेंटर फॉरवर्ड हिमांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई, जबकि लेफ्ट आउट सौरभ ने दो गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। दूसरी ओर, कमजोर आक्रमण के चलते देवलथल बॉयज की टीम पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।

मुकाबले में प्रथम बिष्ट ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि सुमित कुमार और नीरज कुमार लाइनमैन रहे।

टूर्नामेंट के सफल संचालन में व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित सत्याल, उपाध्यक्ष राजा जोशी, उप सचिव अमन सत्याल, कोषाध्यक्ष भानु सत्याल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य पूरे समय व्यवस्थाओं में जुटे रहे।

मैच का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मिनी स्टेडियम पहुंचे। दर्शकों ने पूरे मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।

रिपोर्ट : अनिल कार्की, थल