ओगला (डीडीहाट)। डीडीहाट विकासखंड के ओगला खेल मैदान में सोमवार से 18वें शहीद सैनिक बलवंत सिंह जिमिवाल स्मृति वॉलीबॉल टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल ने किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन कन्याल सहित कई अतिथि मौजूद रहे।
शहीद सैनिक बलवंत सिंह जिमिवाल की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 27 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन मुकाबला मेजबान ओगला और जौरासी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में ओगला ने जौरासी को 25-18, 23-25 और 25-16 से हराकर विजयी शुरुआत की।
मंगलवार को भी ओगला मैदान में कई मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में बांकू नेपाल ने जिमिवाल क्लब को 25-22, 25-22 से हराया। वहीं ओगला बॉयज और ITBP मेर्थी के बीच हुए मुकाबले में ओगला बॉयज ने जीत दर्ज की। इसके बाद UKKU नेपाल ने ईगल बॉयज को 21-16, 21-16 से पराजित किया।
पूरे दिन मैदान में खिलाड़ियों के शानदार स्पाइक, ब्लॉक और डिफेंस देखने को मिले। मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में आगाज यूथ क्लब डीडीहाट के नवल किशोर, सूरज कुमार और पूजा स्वीट्स के बसंत अवस्थी सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी रही।
मुकाबलों में नवल किशोर और दीवान जिमिवाल ने प्रभावी कमेंट्री करते हुए दर्शकों का रोमांच बढ़ाया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 2 अक्टूबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।



