पिथौरागढ़, 26 जुलाई। कारगिल युद्ध विजय की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर पिथौरागढ़ के शहीद स्मारक में "शौर्य दिवस समारोह" का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध के शहीदों की वीरांगनाओं एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र के प्रति उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का शौर्य और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत नगर निगम पिथौरागढ़ की ओर से 'शौर्य दिवस' की स्मृति में चण्डाक क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
समारोह में नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल करम सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, 80 बटालियन यूके एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल एस.पी. गुलेरिया, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, सिटी मिशन मैनेजर महेन्द्र बिष्ट, सफाई निरीक्षक शारिक अंसारी, पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और देश की एकता, अखंडता एवं शहीदों के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ। श्रद्धांजलि समारोह ने देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए कारगिल के अमर वीरों के प्रति पूरे जनपद की कृतज्ञता को अभिव्यक्त किया।


