रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के बीच मौसम के कारण पैदल मार्ग पर एक बार फिर आवाजाही प्रभावित हुई है। रुद्रप्रयाग जिले में चीरबासा हेलीपैड के समीप मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। मार्ग पर मलबा आने के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवागमन रोक दिया है।

केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया है, जबकि केदारनाथ से वापस लौट रहे यात्रियों को जंगलचट्टी में रोककर सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है।

जिला प्रशासन और जिला पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि मार्ग खुलने और प्रशासन की अनुमति मिलने तक आगे बढ़ने का प्रयास न करें। बारिश के दौरान पत्थर गिरने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पैदल मार्ग पर जोखिम न लेने की सलाह दी गई है।

प्रशासन के अनुसार, मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रियों का आवागमन सुचारु किया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

_ स्रोत AIR