पिथौरागढ़। न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों के प्रभावी अनुपालन को लेकर पिथौरागढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, अपर उपनिरीक्षक कुबेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकेश खड़ायत निवासी घण्टाकरण तथा विशन सिंह बिष्ट निवासी पुलिस लाइन रोड, पिथौरागढ़ को गिरफ्तार किया।

दोनों के खिलाफ एनआई एक्ट (Negotiable Instruments Act) के तहत न्यायालय में मामला विचाराधीन था। पुलिस के मुताबिक, न्यायालय की ओर से दोनों को कई बार समन भेजे गए, लेकिन इसके बावजूद वे कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए।

लगातार अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिए। इसके बाद पिथौरागढ़ पुलिस ने वारंटों की तामील के लिए कार्रवाई तेज की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा दोनों वारंटी अभियुक्तों को अब न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

वारंटियों पर पुलिस की पैनी नजर पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। _ vaninews