डीडीहाट। टैक्सी स्टैंड निर्माण में हो रही लगातार देरी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चंचल चौहान के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल का पुतला दहन कर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि टैक्सी स्टैंड निर्माण की मांग को उठाए हुए करीब 4–5 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि टैक्सी स्टैंड के अभाव में सड़क के दोनों ओर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े रहते हैं, जिसके चलते डीडीहाट बाजार में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय जनता, व्यापारियों, टैक्सी चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक और सरकार पर जनसमस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर टैक्सी स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर पूर्ण सड़क जाम करेगी और जनसमस्या को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक की होगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में ललित भण्डारी, शेर सिंह चुफाल, मोहन राम, त्रिलोक प्रसाद, हिमांशु चुफाल, बसन्त जोशी, राजू बोरा, उमेद विश्वकर्मा, सुजाता देवी, सिमरन धपवाल, दीपक जोशी सहित बड़ी संख्या में टैक्सी चालक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
_ vaninews


