पिथौरागढ़। जिले की ग्राम पंचायतों को अधिक सशक्त और संसाधनयुक्त बनाने की मांग को लेकर जिला प्रधान संगठन पिथौरागढ़ ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष हेमराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

प्रधान संगठन ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियां मैदानी क्षेत्रों से अलग हैं, इसलिए ग्राम पंचायतों के विकास के लिए बजट का निर्धारण केवल जनसंख्या के आधार पर न होकर भौगोलिक क्षेत्रफल और वास्तविक जरूरतों के आधार पर किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित गांवों के लिए विशेष आपातकालीन निधि उपलब्ध कराने, कृषि भूमि को सुरक्षित रखने तथा जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से किसानों को बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की गई।

इसके साथ ही ग्राम प्रधानों और उप-प्रधानों को सम्मानजनक मानदेय दिए जाने तथा पंचायती राज अधिनियम के तहत निर्धारित 29 विषयों का पूर्ण हस्तांतरण ग्राम पंचायतों को किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

संगठन ने जिला योजना में ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता देने और विकास कार्यों से संबंधित प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से स्वीकृति देने की भी मांग की। प्रधान संगठन का कहना है कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें पर्याप्त अधिकार एवं संसाधन मिलने से गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

जिला प्रधान संगठन अध्यक्ष हेमराज सिंह बिष्ट ने कहा कि ग्राम पंचायतों की इन समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत रहेगा और सरकार के समक्ष ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी। _ vani news