पिथौरागढ़। घाट क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर पूर्व दर्जा मंत्री महेंद्र सिंह लुंठी ने सरकार से मृतक के परिवार और घायलों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। लुंठी ने कहा कि रामलीला मैदान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की रैली में शामिल होने के लिए गंगोलीहाट से भाजपा कार्यकर्ता पिथौरागढ़ आ रहे थे। इसी दौरान घाट क्षेत्र में कार के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिरने से वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में एक कार्यकर्ता की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं।
महेंद्र सिंह लुंठी ने फेसबुक वीडियो के माध्यम से सरकार से मांग की है कि मृतक के परिवार को तत्काल 10 लाख रुपये तथा घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि हादसे में प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में तत्काल मदद की आवश्यकता है और मुआवजा देने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
लुंठी ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों में आम लोगों की भागीदारी होती है, लेकिन यदि ऐसे कार्यक्रमों के कारण किसी गरीब और आम व्यक्ति को नुकसान उठाना पड़ता है तो उसकी जिम्मेदारी और उसके परिवार की मदद के बारे में भी गंभीरता से सोचा जाना चाहिए।
उन्होंने सरकार से तत्काल मुआवजा जारी करने की मांग करते हुए कहा कि यदि प्रभावित परिवारों को जल्द आर्थिक सहायता नहीं दी गई तो वे जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
पूर्व दर्जा मंत्री ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले कार्यकर्ता के परिवार के साथ उनकी संवेदनाएं हैं और घायलों को भी बेहतर उपचार के साथ आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। _ वाणी न्यूज


