चम्पावत। DIPR I मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रमिक कल्याण संबंधी निर्देशों के क्रम में शनिवार को गोरलचौड़ मैदान, चम्पावत में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) की ओर से श्रमिक कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को बोर्ड द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय मुख्य अतिथि तथा दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ शिविर के दौरान मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया गया। इस यूनिट के माध्यम से श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों को 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जाएगा।

जांच के बाद लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। मोबाइल मेडिकल यूनिट से स्वास्थ्य सेवाएं श्रमिक परिवारों के अधिक निकट पहुंचाने में मदद मिलेगी।

श्रमिक परिवारों को योजनाओं का लाभ शिविर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना और मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।

ममता देवी, सुनीता जोशी, हेमा जोशी, गंगा देवी, रेखा देवी, विनीता महर, पुष्पा देवी और संगीता देवी सहित अन्य पंजीकृत श्रमिक परिवारों को योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया गया।

कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क एजुकेशन किट तथा पात्र श्रमिकों को हाइजीन किट वितरित की गई। इसके अलावा श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रही।

डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था शिविर की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की गई। लाभार्थियों का पंजीकरण एवं सत्यापन, सामग्री वितरण, फोटोग्राफी तथा जीपीएस आधारित उपस्थिति सहित आवश्यक अभिलेख ऑनलाइन दर्ज किए गए।

इस व्यवस्था का उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।

श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : श्याम नारायण पाण्डेय दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने श्रमिकों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट श्रमिक परिवारों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर : हेमा जोशी दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि चम्पावत के विकास के साथ श्रमिकों के कल्याण के लिए भी सरकार विशेष प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं जरूरतमंद श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण हैं।

योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाना प्राथमिकता : जिलाधिकारी जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।

शिविर में श्रमिकों एवं उनके आश्रितों ने योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेश पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पंजीकृत निर्माण श्रमिक मौजूद रहे। VANINEWS