पिथौरागढ़। थलकेदार क्षेत्र के रौलियागांव तोक, बेलतड़ी निवासी पारस भट्ट ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), गया से पासिंग आउट कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
पारस भट्ट ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गायत्री मेमोरियल पब्लिक स्कूल, वड्डा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने द एशियन एकेडमी, पिथौरागढ़ से जूनियर हाईस्कूल तथा आर्मी पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, देहरादून से बीटेक की पढ़ाई पूरी की और भारतीय सेना में अधिकारी बनने के अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाया।
सैन्य पृष्ठभूमि से मिली प्रेरणा पारस भट्ट का परिवार लंबे समय से सैन्य परंपरा से जुड़ा रहा है। बचपन से ही उन्होंने अपने दादा, परदादा और परिवार के अन्य सदस्यों से सेना की वीरगाथाएं सुनीं। इसी माहौल ने उन्हें भारतीय सेना में जाने के लिए प्रेरित किया। उनके पिता, चाचा, ताऊ, दादा, परदादा, परपरदादा, नाना और बड़े नाना सहित परिवार के कई सदस्य भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं।
एक ही EME Corps में चार पीढ़ियों की सेवा पारस भट्ट की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उनके परिवार की चार पीढ़ियों ने एक ही Corps of EME (Electrical and Mechanical Engineers) में सेवा की है। पारस को भी अधिकारी के रूप में इसी कोर में नियुक्ति मिली है। परिवार की चार पीढ़ियों का एक ही सैन्य कोर से जुड़ना क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बना हुआ है।
दादा-दादी को मिला मेडल तो छलक पड़े खुशी के आंसू OTA गया में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान लेफ्टिनेंट पारस भट्ट का मेडल उनके दादा-दादी को प्रदान किया गया। इस गौरवपूर्ण क्षण में दादा-दादी की आंखों में खुशी और गर्व के आंसू छलक पड़े। यह भावुक पल समारोह में मौजूद लोगों के लिए भी बेहद मार्मिक रहा।
पारस भट्ट के बड़े चाचा और जय मां स्वीट्स, वड्डा के ऑनर श्री दिनेश चंद्र भट्ट अमन सोशल वेलफेयर सोसायटी के कोषाध्यक्ष के रूप में समाज सेवा से भी जुड़े हुए हैं।
पारस भट्ट ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से न केवल अपने परिवार की गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है, बल्कि पिथौरागढ़ का नाम भी गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों, पूर्व सैनिकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की है।
पूर्व सैनिक संगठन की ओर से भी लेफ्टिनेंट पारस भट्ट को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य सेवा की कामना की गई है।
_ kapil bhatt vani news


