पिथौरागढ़, 06 जुलाई।
राज्य सरकार के 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड धारचूला के बलुवाकोट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, सिंचाई, कृषि, राशन कार्ड, मनरेगा, वन एवं दूरसंचार सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 67 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की सफलता के बाद अब सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत उन क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां पहले शिविर आयोजित नहीं हो सके थे।
उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए विकास भवन में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है तथा सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, ग्राम सभाओं और स्थानीय समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
शिविर में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य परीक्षण, कृषि एवं उद्यानिकी परामर्श, पशुपालन सेवाएं, बैंकिंग सुविधाएं, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा विद्युत एवं पेयजल संबंधी शिकायतों के निस्तारण सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही कई योजनाओं के लिए पात्र लोगों से आवेदन भी प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सीमांत क्षेत्रों में आयोजित जनसेवा शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान हो रहा है और शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, उप जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी, खंड विकास अधिकारी ललित गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


