पिथौरागढ़। जनपद में संचालित जन-जागरूकता अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) पिथौरागढ़ ने शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, आठगांव शिलिंग में छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल रणवीर कम्बोज तथा बाल कल्याण समिति (CWC) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन (CHL) के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणाम, गुड टच-बैड टच तथा बच्चों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, उत्पीड़न, मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह या बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी मिले तो बिना किसी डर के तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। समय पर दी गई जानकारी कई बच्चों का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर ठगी से बचने तथा किसी भी अजनबी के झांसे में न आने की सलाह दी गई। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश भी दिया गया।
AHTU, CWC और CHL की टीम ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे किसी भी प्रकार के अपराध का शिकार होने से बच सकें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।


