पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कार्मिकों की कार्यप्रणाली और आमजन से संबंधित सेवाओं के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय परिसर और सभी पटलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखरखाव किया जाए तथा आमजन से जुड़े किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों के साथ अधिकारी-कर्मचारी शिष्टाचार एवं विनम्रता से पेश आएं। आमजन की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनते हुए नियमानुसार प्रभावी समाधान किया जाए। साथ ही सभी कार्मिकों को अपनी-अपनी टेबल पर स्पष्ट एवं अनिवार्य रूप से नाम पट्टिका लगाने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को संबंधित कर्मचारी की पहचान में सुविधा हो।
निर्वाचन कार्यालय में SIR कार्यों की समीक्षा जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की जानकारी ली और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने आबकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा कार्यालयीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अनुपयुक्त एवं अनावश्यक सामग्री को नियमानुसार चिन्हित कर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा बचत और फायर सेफ्टी पर जोर जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयों में विद्युत ऊर्जा के उपयोग का ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अनावश्यक विद्युत खपत रोकने और ऊर्जा की बचत पर विशेष ध्यान देने को कहा।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में फायर सेफ्टी उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध और क्रियाशील रहें तथा समय-समय पर उनकी जांच भी की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। _ vaninews


