पिथौरागढ़। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जनपदवासियों और कलेक्ट्रेट के सभी कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके अथक प्रयासों और बलिदान के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को भी नमन किया।

उन्होंने कहा कि आजादी हमें सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई है। इसके लिए असंख्य लोगों ने कठिन संघर्ष किया और अपना जीवन देश के लिए समर्पित किया। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र के विकास, प्रगति और समृद्धि में अपनी जिम्मेदारी निभाए।

कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित कार्मिकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका नियमानुसार समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है। प्रत्येक कार्मिक को अपने कार्यों के माध्यम से शासन की योजनाओं और नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

उन्होंने सभी कार्मिकों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। _ vaninews