डीडीहाट (पिथौरागढ़)। जनपद पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे के नेतृत्व में थाना डीडीहाट परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना दिवस के दौरान नशे की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, नगर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं पुलिस-जन सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आमजन की भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें।
बैठक में नागरिकों ने डीडीहाट पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, त्वरित कार्रवाई तथा जनहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि जनता की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) उमेश मलिक, थानाध्यक्ष संजय जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल, जिला पंचायत सदस्य कमला चुफाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लोकेश भड़, डीडीहाट व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट | वाणी न्यूज़


