पिथौरागढ़। धनौड़ा निवासी साहसिक खेल प्रेमी एवं पैराग्लाइडर मनीष मखौलिया का जिला मुख्यालय में आयोजित सादे समारोह में अभिनंदन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा ने मनीष की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि साहसिक खेलों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और पिथौरागढ़ इसके लिए बेहद मुफीद है। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

5921 मीटर ऊंची डेल्टा-41 पीक से पैराग्लाइडर उड़ान सम्मान समारोह में मनीष मखौलिया ने अपनी हालिया उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि 16 अगस्त को जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स की टीम ने 5921 मीटर की ऊंचाई पर स्थित डेल्टा-41 पीक को रिकॉर्ड समय में समिट किया। समिट के बाद करीब सुबह 8 बजे उन्होंने कर्नल हेम चंद्र के साथ पैराग्लाइडर से उड़ान भरी।

उन्होंने बताया कि करीब 29 मिनट की पैराग्लाइडिंग उड़ान के बाद 3330 मीटर की ऊंचाई पर स्थित रोड हेड कैंप में सफल लैंडिंग की गई। मनीष के अनुसार डेल्टा-41 पीक बेहद तकनीकी और कठिन चोटी है, जहां आइस वॉल, क्लाइम्बिंग, रिवर क्रॉसिंग और क्रेवास जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। समिट के बाद इसी स्थान से पैराग्लाइडर के जरिए उड़ान भरकर रोड हेड तक पहुंचना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

2017 से पैराग्लाइडिंग में सक्रिय हैं मनीष मनीष मखौलिया ने गोरखा रेजिमेंट से रॉक क्लाइम्बिंग का कोर्स किया और वर्ष 2017 से पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने उत्तराखंड सहित देश की कई कठिन परिस्थितियों वाली चोटियों से सफलतापूर्वक पैराग्लाइडिंग की है। वर्ष 2023 में प्री-वर्ल्ड कप में भी उन्होंने प्रतिभाग किया। इसके अलावा कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। ऑल इंडिया बाइक राइड में भी वह अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर चुके हैं।

साहसिक खेलों से नशामुक्त समाज का संदेश मनीष ने युवाओं से साहसिक खेलों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ में युवाओं की एक टीम इस दिशा में संकल्प के साथ काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में पैराग्लाइडिंग, रिवर क्रॉसिंग, राफ्टिंग और माउंटेनियरिंग के क्षेत्र में बेहतरीन प्रशिक्षक और प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं। यदि समाज और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से पहल करें तो जिले में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया जा सकता है।

पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर समारोह में वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी, जाजरदेवल थानाध्यक्ष प्रकाश पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित बिष्ट, योगेंद्र चंद, दीपक मखौलिया, चित्रा मखौलिया, प्रगतिशील किसान जीवन कापड़ी, काजल मखौलिया, किसान भूषण पुरस्कार प्राप्त पूर्व सूबेदार केशव दत्त मखौलिया, आईस संस्था के प्रतिनिधि अनुपम बेरी, पल्लवी, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति की अध्यक्ष विनीता कलौनी, पूर्व सैन्य अधिकारी हरीश पांडेय और सौरभ धर्मशत्तू सहित अन्य लोगों ने मनीष की उपलब्धियों और उनके पर्यावरण संरक्षण व साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचार रखे।

कार्यक्रम में इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आईस) और मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के संयुक्त तत्वावधान में मनीष मखौलिया को अभिनंदन पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। वन प्रभाग पिथौरागढ़ और अन्य सहयोगियों की ओर से भी उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जगदीश कलौनी ने किया।

रिपोर्ट: जगदीश कलौनी