देहरादून। भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के आंध्र प्रदेश कैडर के 1991 बैच के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया ने गुरुवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी के निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने श्रीमती भारती का स्थान लिया है, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हुई थीं।
कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व डॉ. खजूरिया आंध्र प्रदेश पर्यावरण प्रबंधन निगम लिमिटेड में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के निवासी डॉ. खजूरिया एक प्रतिष्ठित वन विशेषज्ञ और शिक्षाविद् हैं तथा उन्हें वन प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नीति निर्माण के क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है।
उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उनके अनेक शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं, जिससे वन एवं पर्यावरण क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान स्थापित होता है।
निदेशक का पद संभालने के बाद डॉ. खजूरिया ने अकादमी के संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की और अकादमी में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संस्थान को उत्कृष्ट वन प्रशिक्षण एवं अनुसंधान का अग्रणी केंद्र बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।


