धारचूला। तवाघाट स्थित श्री शिव शक्ति सिद्ध आश्रम में 23 से 25 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय महादेव धूनी पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक महामंडलेश्वर पंचदशनाम जूना अखाड़ा, हिमालयन पीठाधीश्वर स्वामी वीरेंद्रानंद जी महाराज रहे।

देव परंपरा से जुड़े इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना करना रहा। धारचूला और मुनस्यारी सहित विभिन्न क्षेत्रों के गांवों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, देव डंगर, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। महोत्सव में जाराजिबली, कनार, तोली, बरम, जौलजीबी, बलुवाकोट, कलाती, राठी, जुम्मा, स्यांपी, गर्ब्यांग, खेला, छारमा, चौदास और व्यास घाटी सहित विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने देव डंगरों से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने-अपने क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

आयोजकों के अनुसार, यह देव परंपरा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही है। महादेव धूनी पूजा के माध्यम से क्षेत्र की खुशहाली, स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। तीन दिनों तक चले आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से देव आस्था में सहभागिता की।

कार्यक्रम के आयोजक महामंडलेश्वर पंचदशनाम जूना अखाड़ा, हिमालयन पीठाधीश्वर स्वामी वीरेंद्रानंद जी महाराज द्वारा तवाघाट में आश्रम का निर्माण कराया गया है। बताया गया कि आपदा, सड़क मार्ग बंद होने, भूस्खलन अथवा अन्य विपरीत परिस्थितियों में आश्रम लोगों के लिए निःशुल्क ठहरने, भोजन और पानी की सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य करता है। इस सेवा कार्य को देव परंपरा के साथ मानव सेवा और सामाजिक सहयोग की भावना से जोड़ा गया।

महोत्सव के दौरान ललित मोहन जोशी, कमल मेहरा सहित अनेक कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। तीन दिवसीय यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की देव संस्कृति, लोक परंपरा, आपसी भाईचारे और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने वाला रहा । _ वाणी न्यूज़ के लिए मोहन धामी की रिपोर्ट