थल (पिथौरागढ़)। थल क्षेत्र के आंगनबाड़ी स्पंदन केंद्र गोल के लेजम आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्री गंगा कार्की का चयन वर्ष 2026 के राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान उन्हें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
पुरस्कार प्राप्त करने के लिए गंगा कार्की शुक्रवार सुबह थल से देहरादून के लिए रवाना हो गई हैं। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और इसे आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़ी कार्यकत्रियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
गंगा कार्की को यह सम्मान मिलने पर आंगनबाड़ी स्पंदन केंद्र गोल के अंतर्गत संचालित 10 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में मोहनी पांगती, हंसा पानू, जीवंती जंगपांगी, चम्पा नगरकोटी, शशिकला महरा, नीमा देवी, बसंती देवी, किरण पंचपाल तथा पुष्पा टम्टा शामिल हैं।
सभी ने कहा कि गंगा कार्की ने अपने समर्पण, मेहनत और सेवा भावना से न केवल अपने केंद्र बल्कि पूरे स्पंदन केंद्र गोल और थल क्षेत्र का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह सम्मान अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
REPORT _ ANIL KARKI : THAL


