थल। भगवती मंदिर से नौलड़ा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2016 से निर्माणाधीन बताई जा रही इस सड़क का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।

सड़क के कई स्थानों पर कलवर्ट (स्कवर) क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि कई जगह सुरक्षा दीवारें भी टूट गई हैं। सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण बरसात के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह कार्की ने कहा कि बारिश के कारण सड़क के कई हिस्सों में लगातार नुकसान हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त कलवर्ट, सुरक्षा दीवारों और सड़क के खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है। लंबे समय से निर्माणाधीन सड़क का काम पूरा न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और खराब होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। साथ ही बारिश के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा दीवारों और अन्य सुरक्षा उपायों को दुरुस्त करने की मांग की गई है।

रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल