थल, पिथौरागढ़। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ थाना थल पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना वैध परिवहन लाइसेंस के कार में बीयर की आठ पेटियां ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 48 कैन और 72 बोतल बीयर बरामद की गई हैं। पुलिस ने बीयर के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट के निर्देशन में अपर उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा, हेड कांस्टेबल शंकर देवड़ी और हेड कांस्टेबल राजेश कुमार क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वाहन संख्या UK02TA2791 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से आठ पेटी बीयर बरामद हुई। पुलिस ने वाहन में मौजूद व्यक्ति से बीयर के परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चन्दन गड़िया पुत्र कुन्दन सिंह, निवासी कपकोट, जिला बागेश्वर, हाल निवासी नाचनी को बीयर समेत गिरफ्तार कर लिया।

बरामद बीयर में कुल 48 कैन और 72 बोतलें शामिल हैं। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया है। मामले में थाना थल में एफआईआर संख्या 18/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।

थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।

_ ANIL KARKI :THAL