थल, पिथौरागढ़। थल क्षेत्र के ससखेत के पास गुरुवार सुबह एक हिंसक आवारा सांड ने 95 वर्षीय बुजुर्ग नर सिंह कार्की पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घायल बुजुर्ग को जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह कन्याल और चंदन सिंह देऊपा ने तत्परता दिखाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, ससखेत के आमहाट निवासी नर सिंह कार्की सुबह घर से निकलकर सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह कन्याल और चंदन सिंह देऊपा मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

लंबे समय से आतंक का पर्याय बना आवारा सांड ग्रामीणों और जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह कन्याल के अनुसार, यह सांड लंबे समय से आमहाट-ससखेत मार्ग पर आक्रामक व्यवहार कर रहा है। आरोप है कि सांड स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी दौड़ाकर हमला करने की कोशिश करता है। इससे बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या अब लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई है। सड़क के बीचों-बीच बैठे मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि बुजुर्गों और स्कूली बच्चों के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है।

आवारा पशुओं को गौशाला भेजने की मांग घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए हिंसक आवारा सांड सहित अन्य लावारिस पशुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़कर गौशाला भेजने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह कन्याल ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि आवारा पशुओं की समस्या के समाधान और उन्हें गौशाला भिजवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि थल बाजार और आसपास के गांवों के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी और गंभीर घटना के होने से पहले इन हिंसक आवारा पशुओं से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए ठोस कदम उठाएगा?