थल (पिथौरागढ़)। शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद थल के समीप स्थित नागीमल डेंजर जोन से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिरने के कारण थल–सातशिलिंग मोटर मार्ग रविवार तड़के लगभग 3:30 बजे बंद हो गया। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क बंद होने के कारण दुग्ध डेरी का वाहन भी दूध की आपूर्ति किए बिना वापस लौट गया, जिससे क्षेत्र में दूध वितरण प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों द्वारा लोक निर्माण विभाग, पिथौरागढ़ को सुबह लगभग 6:30 बजे सड़क बंद होने की सूचना दी गई। हालांकि विभाग की मशीन कुछ घंटों बाद मौके पर पहुंची, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण राहत कार्य में और देरी हुई। बाद में दूसरी मशीन मंगाई गई, जिसके बाद करीब 11:30 बजे सड़क पर यातायात बहाल किया जा सका।
बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और फिसलन से वाहन चालकों को भारी जोखिम उठाना पड़ रहा है। वहीं, ऊपर से दरकी हुई नागीमल पहाड़ी से लगातार बोल्डर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोग जान हथेली पर रखकर इस मार्ग से आवाजाही करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दो वर्ष बीत जाने के बावजूद नागीमल की दरकी पहाड़ी के स्थायी उपचार के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। साथ ही रामगंगा नदी की ओर से हो रहे सड़क कटाव को रोकने के लिए भी अब तक कोई सुरक्षा कार्य नहीं किया गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए नागीमल डेंजर जोन का स्थायी उपचार तथा सड़क सुरक्षा कार्य तत्काल कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
सबसे बड़ा सवाल...
आखिर कब होगा नागीमल डेंजर जोन का स्थायी समाधान? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
✍️ रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल


