पिथौरागढ़। कपिल भट्ट, वाणी न्यूज। नाबालिग के यौन शोषण और पोक्सो एक्ट के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पिथौरागढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जनपद सोलन के नालागढ़ क्षेत्र से दबोचने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण कर उसे गर्भवती किए जाने के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई थी। मामले में क्यूटी, थाना नाचनी निवासी रमेश सिंह राणा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए तकनीकी और मैनुअल इनपुट जुटाए।
जांच के दौरान सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन हिमाचल प्रदेश में ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम थियून, थाना नालागढ़, जनपद सोलन में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में पुलिस की कार्रवाई को फरार आरोपी की गिरफ्तारी की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।


