नारायण नगर, पिथौरागढ़। संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायण नगर में छात्रसंघ निर्वाचन 2026–27 की मतगणना शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। मतगणना के बाद विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए गए।

अध्यक्ष पद पर सुजल ऐरी ने 202 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी पूजा अधिकारी को 89 मत मिले। संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्मी भट्ट 180 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं, जबकि रश्मि खलिया को 92 मत प्राप्त हुए।

कोषाध्यक्ष पद पर दिव्या बोरा ने 173 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके मुकाबले हर्षिता चौहान को 100 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मानसी पाल ने 166 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि दीपिका बोरा को 110 मत मिले।

कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष (छात्र) पद पर रोहित डिगारी एवं प्रीति मेहता निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं सांस्कृतिक सचिव पद पर कविता भी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

पुलिस एवं महाविद्यालय स्टाफ का रहा विशेष सहयोग चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। पुलिस कर्मियों ने महाविद्यालय परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश कोहली, निर्वाचन समिति के सदस्यों, शिक्षकगण और महाविद्यालय स्टाफ ने भी चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

महाविद्यालय परिवार की ओर से नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के हित में सकारात्मक, रचनात्मक और अनुशासित भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की गई । _ हर्षित मेहरा