थल/पिथौरागढ़। पुंगराऊँघाटी के कोटगाढ़ी गाँव निवासी आशीष उपाध्याय ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 9691 तथा ईडब्ल्यूएस (जनरल) श्रेणी में 1051वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे पुंगराऊँ क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
आशीष के पिता शंकर दत्त उपाध्याय निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गीता उपाध्याय गृहिणी हैं। उनके भाई भावेश उपाध्याय स्पोर्ट्स कॉलेज में अध्ययनरत हैं।
गाँव पहुँचने पर सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश आर्या के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने आशीष उपाध्याय का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर दिनेश आर्या ने कहा कि आशीष की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आशीष की उपलब्धि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।
सम्मान समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता हर्षवर्धन बृजवाल, जीवन पाठक, पूर्व अध्यापक भुवन पाठक, पूर्व सैनिक लक्ष्मण सिंह महरा, ग्राम प्रधान सोनू वर्मा, भाष्कर उपाध्याय, गोविन्द उपाध्याय, कविन्द्र उपाध्याय, नारायण जोशी, राकेश लोहनी एवं हीरा बल्लभ जोशी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
— रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल


