पिथौरागढ़। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत भारतीय डाक विभाग ने उपडाकघर पांखु के लिए मेल वाहन सेवा शुरू की है। इस पहल से पांखु और आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में डाक एवं पार्सल पहुंचाने की व्यवस्था अधिक सुगम और नियमित होने की उम्मीद है। डाक निरीक्षक मुकेश सिंह नागरकोटी ने 14 अक्टूबर को ‘मेल्स एवं पार्सल्स डे’ के अवसर पर मेल वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1976 में उपडाकघर पांखु की स्थापना के बाद से चौकोड़ी से पांखु तक डाक का परिवहन डाक सेवक के माध्यम से किया जा रहा था। करीब पांच दशकों से चली आ रही इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए अब मेल वाहन सेवा शुरू की गई है।
नई व्यवस्था के तहत मेल वाहन प्रतिदिन सुबह छह बजे गणाईगंगोली से रवाना होकर थल होते हुए पांखु पहुंचेगा। इससे उपडाकघर को नियमित रूप से डाक प्राप्त होगी और क्षेत्र के लोगों तक पत्र, आवश्यक दस्तावेज एवं पार्सल पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों को भी मिलेगा लाभ मेल वाहन सेवा शुरू होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और लघु उद्यमियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। वे भारतीय डाक विभाग के माध्यम से अपने उत्पादों और अन्य आवश्यक सामग्री को देश के विभिन्न हिस्सों तक अधिक आसानी से भेज सकेंगे। साथ ही, डाक परिवहन में लगने वाले समय को कम करने और वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान शुरू की गई यह सेवा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों में डाक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे उपडाकघर पांखु के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के लोगों को डाक सेवाओं का अधिक नियमित और सुविधाजनक लाभ मिल सकेगा।


