पिथौरागढ़, 18 अगस्त 2026। जनपद में आमजन की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई ने सड़कों की खराब स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को जिले के प्रमुख एवं संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से पिथौरागढ़-चंडाक मोटर मार्ग, पिथौरागढ़-मुनाकोट मार्ग, नैनी-सैनी-देवत मोटर मार्ग तथा ऐंचोली-पिथौरागढ़ राजमार्ग समेत अन्य प्रमुख मार्गों की स्थिति में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्गों पर मौजूद गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी प्राथमिकता से ठीक करने को कहा।
डीएम ने कहा कि यदि किसी मार्ग पर गड्ढे होने से आमजन और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है तो संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करे। वर्षाकाल में लगातार बारिश के कारण स्थायी मरम्मत में व्यावहारिक कठिनाइयां हो सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सड़कों के गड्ढों को खुला छोड़ दिया जाए। जहां स्थायी मरम्मत संभव नहीं है, वहां तत्काल पैचवर्क और गड्ढों को भरने का कार्य कराया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम अथवा जनसुनवाई के दौरान किसी सड़क की खराब स्थिति की शिकायत सामने आती है और संबंधित विभाग द्वारा पहले से उस पर कार्रवाई नहीं की गई है, तो मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे जनता की शिकायतों का इंतजार करने के बजाय अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का नियमित निरीक्षण करें, क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित करें और समयबद्ध तरीके से मरम्मत कार्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय जनपद में सड़कें आमजन के लिए जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलता है। ऐसे में सड़कों की खराब स्थिति को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्देशों के बावजूद यदि किसी मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं होता है अथवा किसी सड़क को लेकर बार-बार शिकायतें प्राप्त होती हैं, तो संबंधित विभागीय अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि जनपदवासियों, वाहन चालकों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
_ VANINEWS


