पिथौरागढ़ | जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कानून व्यवस्था भंग करने वालों, वारंटियों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में विगत दिवस कोतवाली धारचूला क्षेत्र में कोतवाली गेट के सामने सूरज सिंह धामी सार्वजनिक स्थान पर हल्ला-गुल्ला कर उत्पात मचा रहा था। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ, बल्कि और अधिक उग्र हो गया। इस पर अपर उपनिरीक्षक दिवाकर वर्मा ने उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/135/170 के तहत हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
वहीं, कोतवाली पिथौरागढ़ में अपर उपनिरीक्षक भुवन आर्या ने न्यायालय से प्राप्त गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में चेक बाउंस के मामले में धारा 138 एनआई एक्ट के तहत वांछित वारंटी अभियुक्त रोहित राज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इसके अतिरिक्त जनपदभर में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले कुल 85 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।
पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंग से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


