पिथौरागढ़। जनपद में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में पिथौरागढ़ पुलिस लगातार तकनीकी संसाधनों को अपनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशानुसार जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्रोन संचालन एवं उसके प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण निरीक्षक दूरसंचार श्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में जिला नियंत्रण कक्ष की टीम द्वारा आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को ड्रोन उड़ाने, उसकी तकनीकी कार्यप्रणाली, निगरानी, सर्च ऑपरेशन, भीड़ प्रबंधन, आपदा राहत एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ड्रोन के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपराध नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्य तथा बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होकर पुलिस हर चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए अपनी कार्यक्षमता को लगातार सशक्त बना रही है। ड्रोन प्रशिक्षण अभियान भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


