पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ फेस्टिवल सीजन-2 का आयोजन 29 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। रामलीला फील्ड में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

फेस्टिवल की स्टार नाइट में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक जीतेंद्र तोमक्याल, स्वाति भट्ट और किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके साथ ही पिथौरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक होंगे कार्यक्रम आयोजकों के अनुसार, फेस्टिवल के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिन के समय स्कूली बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम रखे जाएंगे, जिनमें बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा लोकगीत, लोकनृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल पिथौरागढ़ फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आमजन से सहभागिता की अपील टीम पिथौरागढ़ फेस्टिवल ने जनपद के नागरिकों, युवाओं, अभिभावकों, कलाकारों और संस्कृति प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि जनता की भागीदारी से ही ऐसे सांस्कृतिक आयोजन सफल होते हैं और स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन होता है।

पिथौरागढ़ फेस्टिवल सीजन-2 का आयोजन लाइव ड्रीम प्रोडक्शन की ओर से किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव स्थानीय संस्कृति, लोक कला और संगीत के रंगों से सराबोर रहेगा।