पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद पिथौरागढ़ में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 613.21 लाख रुपये की लागत से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक एवं इंटीग्रेटेड बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है।

ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन में आवश्यक सॉफ्टवेयर की स्थापना का कार्य पूरा कर लिया गया है। आधुनिक तकनीक आधारित इस व्यवस्था के शुरू होने से वाहनों की फिटनेस जांच और ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के स्थापित होने से वाहन स्वामियों और ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों को वाहन फिटनेस तथा ड्राइविंग टेस्ट से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। तकनीक के माध्यम से परीक्षण प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप को कम करने के साथ ही पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

वहीं, ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक और इंटीग्रेटेड बिल्डिंग के निर्माण से परिवहन विभाग को आधुनिक आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी। इससे आमजन को परिवहन संबंधी विभिन्न सेवाओं के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

जनपद में परिवहन सुविधाओं का यह विस्तार तकनीक आधारित, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वाणी न्यूज