पिथौरागढ़, 20 अक्टूबर 2026। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पृथ्वीकुल जापानी स्कूल के सहयोग से आयोजित एक सप्ताह का विशेष सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय विद्यार्थियों और युवाओं को जापानी भाषा, संस्कृति, वेशभूषा, रहन-सहन और खेलकूद से परिचित कराना तथा भारत-जापान के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना रहा। इस पहल से सीमांत क्षेत्र के युवाओं के लिए जापान में शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खुलने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम के समापन दिवस पर विद्यालय में 'प्लैनेटस्कूल नर शौर्य कॉन्क्लेव' का आयोजन किया गया। साहस, अनुशासन, चरित्र निर्माण और नारी शक्ति को समर्पित इस आयोजन में जापान की प्रसिद्ध सूमो कुश्ती, भारत की पारंपरिक युद्धकलाओं और सुप्रसिद्ध रामलीला का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने बोधिधर्म और दारुमा पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों के साथ बौद्ध धर्म के महत्व को दर्शाती लघु नाटिका प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने जिम्नास्टिक और शतरंज में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान शताभिषा एआई (AI) परियोजनाओं और विद्यार्थियों की नवाचार गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया गया। भाषा अध्ययन, तकनीकी शिक्षा और साझा अनुसंधान के माध्यम से पिथौरागढ़ को भारत-जापान मैत्री के संभावित केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया गया।
आयोजकों के अनुसार, विद्या भारती के अंतर्गत इस पहल को अन्य जरूरतमंद विद्यालयों तक भी पहुंचाने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को सांस्कृतिक आदान-प्रदान और कौशल विकास का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज, पिथौरागढ़ के निदेशक अजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर निगम पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
अतिथियों ने भारत और जापान के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और समाज के व्यापक हित में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को विद्यार्थियों में अनुशासन, रचनात्मकता, कौशल और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक बताया।
समापन समारोह में पूर्व एनएसडी कमांडो ललित भाटिया, विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र कुमार रावत, के.एस. भाटिया, त्रिलोक सिंह, संभाग निरीक्षक राजेंद्र चंद, पूर्व नेशनल बॉक्सर मान सिंह खोलिया, ध्रुव सिंह रावत, सचिन हुंडई के संचालक/मैनेजर सौरभ भसीन, उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रदीप सेक्रियाल, मनरेगा लोकपाल जगदीश कॉलोनी और कमल खर्कवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षक, पूर्व सैनिक और अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और जापानी संस्कृति से जोड़ने के साथ ही कौशल विकास, तकनीकी नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं को नई दिशा देने का संदेश दिया ।


