पिथौरागढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन पिथौरागढ़ में भव्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों, पुलिस लाइन और फायर सर्विस की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। रंग-बिरंगी और मनमोहक झांकियों ने उपस्थित दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और सभी का मन मोह लिया।

झांकी प्रतियोगिता में कोतवाली पिथौरागढ़ एवं थाना जाजरदेवल द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत झांकी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं पुलिस लाइन एवं फायर सर्विस की झांकी द्वितीय तथा कोतवाली जौलजीबी एवं थाना बलुवाकोट की झांकी तृतीय स्थान पर रही।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं सुप्रसिद्ध कुमाऊंनी गायिका संगीता सोनल ने अपने मधुर गीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके गीतों पर पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आया।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन निरीक्षक नीरज भाकुनी एवं हेड कांस्टेबल नदीम द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे, मेयर कल्पना देवलाल, मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी, डीएफओ आशुतोष सिंह, पुलिस उपाधीक्षक गोविन्द बल्लभ जोशी, पुलिस उपाधीक्षक उमेश मलिक, आरआई नरेश चन्द्र जखमोला, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी, थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक ऊषा देव समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

VANI NEWS | पिथौरागढ़