नैनीताल। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को जनपद नैनीताल के ग्राम रूसी में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पौधारोपण कर लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के जन अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है।

कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह कोश्यारी ने क्षेत्र के लोगों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा विभिन्न जनसरोकारों, स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद किया। उन्होंने कहा कि समाज और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना हम सभी का साझा दायित्व है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हर व्यक्ति अपने जीवन में अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प ले। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित उत्तराखंड के निर्माण के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश भी दिया गया।