थल (पिथौरागढ़)। डॉ. बीरेंद्र सिंह जंगपांगी मिनी स्टेडियम में आयोजित थल चैंपियन ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ओएफसी पिथौरागढ़ ने डीके बॉयज को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। रोमांच और रोमांचक पलों से भरपूर इस मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 गोल की बराबरी पर रहीं। ओएफसी पिथौरागढ़ की ओर से सेंटर फॉरवर्ड माही ने दो गोल दागे, जबकि राइट फॉरवर्ड मन्नत ने एक गोल कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। वहीं डीके बॉयज के सेंटर फॉरवर्ड कार्तिक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाकर अपनी टीम की वापसी कराई।
मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जहां ओएफसी पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार संयम दिखाते हुए 4-2 से जीत दर्ज की और टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनने का गौरव हासिल किया।
मुकाबले में रेफरी की जिम्मेदारी प्रथम बिष्ट ने निभाई, जबकि नीरज कुमार और सुमित गिरी लाइनमैन रहे। प्रतियोगिता के दौरान आयोजक मंडल के अध्यक्ष अमित सत्याल, उपाध्यक्ष राजा जोशी, महामंत्री अनिल सिंह कार्की, संजय शाह, करण बिष्ट, रोहित पंत सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। मैच का आंखों देखा हाल नवराज भैसोड़ा ने सुनाया।
REPORT : ANIL KARKI : THAL


