थल, पिथौरागढ़। थल के बीरेंद्र सिंह जंगपांगी मिनी स्टेडियम में व्यापार मंडल के सौजन्य से आयोजित चैंपियन फुटबॉल टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। बिष्ट इलेवन थल और खेतभराड़ बॉयज बांसबगढ़ के बीच खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित समय तक 3-3 गोल की बराबरी बनाए रखी।

मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया, जिसमें बिष्ट इलेवन थल के सभी पांच खिलाड़ियों ने सटीक निशाना लगाते हुए पांचों पेनाल्टी को गोल में बदला। वहीं खेतभराड़ बॉयज बांसबगढ़ की टीम चार पेनाल्टी गोल ही कर सकी। इस तरह बिष्ट इलेवन थल ने 5-4 के अंतर से मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

अब फाइनल मुकाबले में बिष्ट इलेवन थल का सामना ओएफसी पिथौरागढ़ से होगा। खेल प्रेमियों को इस खिताबी मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।

मैच में रेफरी की भूमिका राजा जोशी ने निभाई, जबकि लाइनमैन पारस कार्की और संजय साह रहे। मैच का आंखों देखा हाल नवराज भैसोड़ा और रिंकू सोरियाल ने सुनाया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अमित सत्याल, सचिव प्रथम बिष्ट, अमन सत्याल, रोहित पंत, करण बिष्ट, शमशेर चंद सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे। ANIL KARKI :THAL