फेसबुक पेज के माध्यम से ऋषु महर की अपील, पिथौरागढ़ में बढ़ती जंगली जानवरों की आवाजाही पर सरकार, प्रशासन और नगर निगम से उठाए ठोस कदम
जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने, जागरूकता अभियान चलाने, स्ट्रीट लाइट सुधारने और वन विभाग को संसाधन उपलब्ध कराने की मांग

पिथौरागढ़। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषु महर ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से पिथौरागढ़ में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के रिहायशी इलाकों में बढ़ती जंगली जानवरों की आवाजाही पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन, वन विभाग, नगर निगम तथा आम जनता से आवश्यक और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है। अपने फेसबुक पोस्ट में उन्होंने कहा कि आए दिन जंगली जानवरों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने से आम लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना बनाकर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। ऋषु महर ने अपनी अपील में कहा कि— वन विभाग आम नागरिकों को जंगली जानवरों से बचाव के लिए जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाए तथा लोगों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करे। जिला प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर प्रभावी योजना बनाए और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी करे। नगर निगम शहर के वार्डों और मोहल्लों में अंधेरे वाले संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नई पोल लाइट लगाए तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराए, जिससे रात्रि के समय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उत्तराखंड सरकार वन विभाग को आधुनिक तकनीक, आवश्यक उपकरण और संसाधनों से सशक्त बनाए, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। आम नागरिक विशेष सावधानी बरतें तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों को रात्रि के समय अकेला न छोड़ें। किसी भी जंगली जानवर की सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशासन को दें। ऋषु महार ने कहा कि जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही केवल वन विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज और प्रशासन के समन्वित प्रयास का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार, जिला प्रशासन, नगर निगम और वन विभाग इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर जनसुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।.
