पिथौरागढ़, 24 अगस्त 2026। बरम–कनार मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में बरम–कनार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोटर मार्ग की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीपीआर तैयार करने और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द धरातलीय कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि मोटर मार्ग के निर्माण के लिए वनभूमि हस्तांतरण की कार्रवाई गतिमान है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय के साथ डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।

PMGSY धारचूला डिविजन के अभियंताओं ने बताया कि बरम–कनार मोटर मार्ग का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। मार्ग क्षेत्र में पेड़ों की गणना भी पूरी की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई जल्द शुरू हो सके।

सितंबर में तीन स्थानों पर लगेंगे श्रम कार्ड कैंप बैठक के दौरान बरम, कनार और मेथली से पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने श्रम कार्ड बनाए जाने के लिए तीनों स्थानों पर अलग-अलग दिनों में कैंप आयोजित करने की मांग रखी।

ग्रामीणों की मांग का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सितंबर माह में बरम, कनार और मेथली में अलग-अलग दिनों में कैंप आयोजित कर पात्र लोगों के श्रम कार्ड बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में एसडीओ वन राजकुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, PMGSY धारचूला डिविजन के अभियंता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

VANI NEWS