पिथौरागढ़। जनपद में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को जिला आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर मौसम एवं आपदा की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर बारिश की स्थिति, संभावित आपदाओं तथा प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़क अवरोध, भूस्खलन या किसी अन्य आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जनपद में आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय रखा जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जनपद स्तर पर आईआरएस (इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम) को भी सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आपदा की सूचना मिलते ही बिना विलंब रिस्पांस दिया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता से संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र को निर्देश दिए कि जनपद के सभी क्षेत्रों से मौसम एवं आपदा संबंधी सूचनाएं लगातार प्राप्त कर उनका तत्काल संज्ञान लिया जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया जाए।

तहसीलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल जनपद में आपदा से संबंधित स्थिति सामान्य है।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।