थल/पिथौरागढ़। थल क्षेत्र में निजी वाहन के माध्यम से बिना आवश्यक दस्तावेजों के रजाई-गद्दों का व्यापार कर रहे दो व्यक्तियों को पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ लिया। आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने संबंधित वाहन को सीज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जावेद पुत्र समीम एवं राजा पुत्र मुजम्मिल, दोनों निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), निजी वाहन से थल क्षेत्र में रजाई-गद्दों की बिक्री कर रहे थे। जांच के दौरान उनके पास जीएसटी पंजीकरण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, थाना क्षेत्र का पुलिस सत्यापन तथा व्यापार से जुड़े अन्य अनिवार्य अभिलेख उपलब्ध नहीं पाए गए।
थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा ने दोनों व्यक्तियों की जांच की। प्रारंभिक जांच में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस ने बाहरी क्षेत्रों से आकर व्यापार करने वाले लोगों से अपील की है कि वे व्यापार शुरू करने से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेज एवं स्थानीय सत्यापन की औपचारिकताएं पूर्ण करें।
— रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल


