पिथौरागढ़, 6 अगस्त। जनपद के बुंगाछीना बाजार में गुरुवार दोपहर करीब 1:00 से 1:30 बजे एक पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दूसरे की स्थिति सामान्य है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवकों में एक चौपाता (बुंगाछीना क्षेत्र) तथा दूसरा सतगढ़ का निवासी बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल पिकअप देहरादून पंजीकरण (यूके-07) की बताई जा रही है, जो फूल लेकर जा रही थी। टक्कर के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई थी। घायलों की पहचान, उनकी स्वास्थ्य स्थिति तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं की गई है, इसलिए प्रारंभिक जानकारी स्थानीय सूत्रों पर आधारित है।


