बंगापानी। बंगापानी क्षेत्र में बुधवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

स्थानीय संवाददाता मनोज महर ने बताया कि सिरतोला सेरा निवासी राजेंद्र सिंह रावत कार लेकर बंगापानी बाजार से कुछ आगे पहुंचे ही थे कि एक राहगीर ने उन्हें कार के बोनट से धुआं और आग की लपटें उठने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजेंद्र सिंह रावत ने तत्काल कार रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार आग की चपेट में आ गई और जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मनोज महर बंगापानी