चमोली। बद्रीनाथ धाम से ऋषिकेश लौट रही यात्रियों से भरी एक बस शुक्रवार को चमोली जिले में हादसे का शिकार होते-होते बच गई। लामबगड़ स्लाइड के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे हवा में लटक गई।
बस में गुजरात के 26 यात्री सवार थे। बस के सड़क किनारे लटकने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
हादसे की तस्वीर सामने आने के बाद घटनास्थल की स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। यदि बस कुछ और आगे खिसकती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और पुलिस द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। AIR


