थल, पिथौरागढ़। थल क्षेत्र के सत्यालगांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता मनोज सिंह जंगपांगी (56) का निम्न रक्तचाप (सेप्टिक शॉक) के कारण अचानक निधन हो गया। उनके निधन से सत्यालगांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार शनिवार आधी रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोचर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद रविवार को उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ ले जाया गया। वहां उनकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया।

हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान रात 1 बजकर 8 मिनट पर मनोज सिंह जंगपांगी ने अंतिम सांस ली।

मनोज सिंह जंगपांगी सत्यालगांव की उपप्रधान हीरा देवी के पति थे। उनके निधन से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे थल रामगंगा के त्रिवेणी घाट पर परिजनों, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र अक्षित एवं छोटे भाई भूपेंद्र सिंह जंगपांगी ने मुखाग्नि दी।

मनोज सिंह जंगपांगी के निधन पर विधायक बिशन सिंह चुफाल, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री शमशेर सिंह सत्याल, जिला पंचायत सदस्य कमल कन्याल, सत्यालगांव के प्रधान सुनील सत्याल, थल कस्बे के प्रधान नवीन पाठक, उपप्रधान प्रवीण जंगपांगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित सत्याल, पूर्व अध्यक्ष बबलू सामंत, ललित सिंह पांगती, भूपेंद्र पांगती, कल्याण सिंह जंगपांगी, दिनेश चंद्र पाठक, अर्जुन सिंह रावत और अनिल सिंह कार्की सहित अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

_ REPORT ANIL KARKI THAL