मड़मनले, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय को मड़मनले, धुर्चू, दौबांस समेत आसपास के गांवों से जोड़ने वाली सड़क बुधवार को मड़ गांव के पास भूस्खलन के कारण बंद हो गई। सड़क पर भारी मलबा आने से इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
स्थानीय संवाददाता किशोर धामी, मड़मानले के अनुसार, बुधवार को करीब दोपहर 2 बजे मड़ गांव के पास पहाड़ी से अचानक भारी मलबा सड़क पर आ गया। देखते ही देखते सड़क का एक बड़ा हिस्सा मलबे से पट गया, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही रुक गई।
सड़क बंद होने से मड़मनले, धुर्चू, बंदा, दौबांस सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीणों के साथ ही आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही होती है।
लगातार बारिश के बीच भूस्खलन होने से क्षेत्र में सड़क मार्गों पर खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके पर जल्द जेसीबी मशीन भेजकर मलबा हटाने तथा यातायात सुचारु कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: किशोर धामी, मड़मानले


